यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित शुल्क के विरोध में व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन
अमेठी। ₹2,000 से अधिक के यूपीआई अप लेन-देन पर प्रस्तावित 0.04 प्रतिशत ट्रांजैक्शन शुल्क को लेकर व्यापारियों में नाराजगी सामने आई है। बुधवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, जनपद अमेठी के जिलाध्यक्ष महेश सोनी के नेतृत्व में व्यापारियों ने गौरीगंज कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रधानमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने ₹2,000 से अधिक के यूपीआई लेन-देन पर प्रस्तावित शुल्क को वापस लेने अथवा व्यापारियों को इससे मुक्त रखने की मांग उठाई। व्यापार मंडल का कहना है कि व्यापारी पहले से ही विभिन्न प्रकार के कर एवं शुल्क का भार वहन कर रहे हैं। ऐसे में डिजिटल भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने से विशेष रूप से छोटे एवं मध्यम व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ सकता है।
व्यापारियों ने आशंका जताई कि यदि यूपीआई भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क लागू किया जाता है तो इसका असर डिजिटल भुगतान की व्यवस्था पर भी पड़ सकता है। वर्तमान समय में छोटे-बड़े व्यापारियों के साथ आम उपभोक्ताओं के बीच भी यूपीआई भुगतान का व्यापक इस्तेमाल हो रहा है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, जनपद अमेठी ने प्रधानमंत्री से व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित शुल्क पर पुनर्विचार करने और व्यापारियों को राहत प्रदान करने की मांग की। इस दौरान व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष महेश सोनी सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
Post a Comment