मैरवा में 8 दिन से लापता युवक का शव गड्ढे से बरामद, हत्या की आशंका परिजनों ने काटा हगामा
सीवान। मैरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत डोमडीह और सेवतापुर गांव के बीच रविवार की शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे स्थित एक गहरे गड्ढे में युवक का लावारिस शव पड़ा देखा गया। शव मिलने की सूचना जंगल में आग की तरह फैली और देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। मृतक की पहचान नौतन थाना क्षेत्र के दीक्षित हरपुर गांव निवासी मोहन मांझी के पुत्र अरविंद मांझी के रूप में की गई है। अरविंद पिछले आठ दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था। परिजनों के अनुसार, अरविंद मांझी 27 सितंबर को घर से मेडिकल जांच कराने के लिए निकला था। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर तलाश करने के बाद 30 सितंबर को परिजनों ने मैरवा थाने में अरविंद की गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही परिजन अनहोनी की आशंका से सहमे हुए थे। रविवार की शाम राहगीरों ने सड़क किनारे गड्ढे में एक शव पड़ा देखा और इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता और थानाध्यक्ष राहुल कुमार भारी पुलिस बल तथा एफएसएल की फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और तलाशी ली, जहां मृतक की जेब से मिले मोबाइल फोन और पासपोर्ट के आधार पर उसकी पहचान अरविंद मांझी के रूप में हुई। जैसे ही युवक की मौत की खबर उसके गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन और भारी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों ने सीधे तौर पर अरविंद की हत्या कर शव को गड्ढे में फेंके जाने की आशंका जताई।
Post a Comment