गुठनी पुलिस को मिली बड़ी सफलता: हत्याकांड के दो फरार अभियुक्त गिरफ्तार, जहर देकर मारने की बात कबूली
गुठनी (सीवान)। स्थानीय थाना क्षेत्र में दर्ज एक सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को अहम कामयाबी हाथ लगी है। गुठनी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे दो नामजद अभियुक्तों को दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिसिया पूछताछ में जहर देकर हत्या की वारदात को अंजाम देने का जुर्म स्वीकार कर लिया है।
दर्ज प्राथमिकी और कानूनी धाराएं- मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई गुठनी थाना कांड संख्या 274/26 के तहत अमल में लाई गई है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था। घटना के बाद से ही दोनों नामजद आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश बना रही थी।
पुलिस की गिरफ्त में आए अभियुक्तों की पहचान गुठनी थाना क्षेत्र के ग्राम तेंनुआ निवासी चंद्रिका राम (पिता- रामदेव राम) और ललिता देवी (पिता- चंद्रिका राम) के रूप में हुई है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद की गई कड़ी पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने स्वीकार किया कि साजिश के तहत जहर देकर इस हत्या की घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की अग्रिम विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।
Post a Comment