भव्य कौशल दीक्षांत समारोह में गूंजा आत्मनिर्भर भारत का संकल्प, कौशल प्रमाण पत्र पाकर बालिकाओं के खिले चेहरे
लखनऊ। जन शिक्षण संस्थान (साक्षरता निकेतन), जो कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के अधीन संचालित है, द्वारा मोहनलालगंज क्षेत्र के प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके लाभार्थियों के लिए जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट सभागार में एक भव्य एवं गरिमामय कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्साह, उल्लास एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की गूंज स्पष्ट रूप से दिखाई दी।समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके युवक-युवतियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। प्रमाण-पत्रों का वितरण संस्थान के निदेशक श्री सौरभ कुमार खरे एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. अजय पाण्डेय (सत्यम), प्रबंधक जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट, के कर कमलों द्वारा मुख्य अतिथि जी.एन. श्रीवास्तव (जनरल मैनेजर, यू.पी.ए.एल. एवं पूर्व निदेशक, बाल श्रम) तथा विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में मुख्य अतिथि जी.एन. श्रीवास्तव ने कहा कि कौशल ही आज के युग की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे प्राप्त प्रशिक्षण का उपयोग स्वरोजगार एवं सेवायोजन में कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर युवा ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला होते हैं।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. अजय पाण्डेय ने कहा कि उनका ट्रस्ट सदैव समाज के उत्थान एवं युवाओं के सशक्तिकरण हेतु प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “जन शिक्षण संस्थान” के साथ मिलकर कौशल विकास की इस अलख को प्रज्वलित रखेगा। उन्होंने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि “यदि एक नारी शिक्षित एवं कौशलयुक्त बनती है तो पूरा परिवार आत्मनिर्भर बनता है और राष्ट्र प्रगति के पथ पर अग्रसर होता है।” विशिष्ट अतिथि विकास पाण्डेय, सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज, ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में कौशल प्रशिक्षण रोजगार के द्वार खोलता है। उन्होंने युवाओं से कानून व्यवस्था, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। ब्रजेश त्रिपाठी, एसएचओ मोहनलालगंज, ने महिला पुलिस अधिकारियों के साथ मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जागरूकता ब्रोशर वितरित किए तथा महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं ऊर्जावान मंच संचालन राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अवधेश कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने युवतियों की नारी शक्ति, साइबर सुरक्षा, डिजिटल जागरूकता एवं आत्मविश्वास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया। इस अवसर पर संस्थान के सहायक कार्यक्रम अधिकारी शुभम मिश्रा, संदर्भदाता मंजू, निशा, हरिकेश, विपिन, शिवम सहित लगभग एक सैकड़ा लाभार्थी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह भव्य आयोजन युवाओं के आत्मविश्वास, कौशल एवं आत्मनिर्भरता के संकल्प को सुदृढ़ करते हुए समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने में सफल रहा।
Post a Comment