⚡ ब्रेकिंग News

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में परिणय सूत्र में बंधे 197 जोड़े

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में परिणय सूत्र में बंधे 197 जोड़े 

केएमबी ब्यूरो
सुलतानपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को बल्दीराय ब्लॉक परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया,जिसमें कुल 197 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। वैदिक मंत्रोच्चार व रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न हुआ बड़ी संख्या में परिजन, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग इस आयोजन के साक्षी बने।समारोह में 193 जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अग्नि के सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने की शपथ ली। वहीं मुस्लिम समुदाय के तीन जोड़ों का निकाह हाजी द्वारा पढ़ाया गया तथा एक सिख जोड़े का विवाह सिख परंपरा के अनुसार आनंद कारज से संपन्न हुआ। सामूहिक विवाह समारोह में सभी धर्मों और समुदायों के लोगों की सहभागिता देखने को मिली।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह, विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित सिंह, खंड विकास अधिकारी विमलेश चंद्र त्रिवेदी और भाजपा मंडल अध्यक्ष विशाल जायसवाल मौजूद रहे। अतिथियों ने नवदंपतियों पर पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद दिया और उनके सुखमय दांपत्य जीवन व उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बहुत बड़ी राहत है। इस योजना से बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग मिल रहा है और समाज में सामूहिक विवाह को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के लिए लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिसका लाभ सीधे आम जनता को मिल रहा है।कार्यक्रम का आयोजन जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित सिंह की देखरेख में किया गया। समारोह के अंत में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को प्रमाण-पत्र व उपहार भेंट कर विदा किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...