अमेठी में साढ़े 7 लाख की स्मैक बरामद, ऑपरेशन चक्रव्यूह में तस्कर गिरफ्तार
तिलोई,अमेठी। अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमेठी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के अंतर्गत पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब साढ़े सात लाख रुपये मूल्य की स्मैक बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अमेठी समेत आसपास के जिलों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई मोहंगंज थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान की गई। पुलिस ने भेलाई कला गांव निवासी मेराज पुत्र रियाज अहमद को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 74 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग साढ़े सात लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार आरोपी मेराज एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ अमेठी जिले के मोहंगंज थाने में गैंगस्टर एक्ट सहित 9 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा पड़ोसी जनपद रायबरेली के महाराजगंज थाने में भी उसके खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी राकेश सिंह, उप निरीक्षक जगतपाल सिंह, कांस्टेबल मिथिलेश यादव, कांस्टेबल रोहित सिंह और कांस्टेबल राजेश यादव शामिल रहे।
Post a Comment