⚡ ब्रेकिंग News

सिविल अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य पर कार्यशाला आयोजित: सही समझ और सही इलाज से ही संभव है पूर्ण सुधार

सिविल अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य पर कार्यशाला आयोजित: सही समझ और सही इलाज से ही संभव है पूर्ण सुधार

केएमबी ब्यूरो श्रावण कामड़े
बिछुआ। ग्रामीण आदिवासी समाज विकास संस्थान (GASVS) द्वारा संचालित सामुदायिक मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विकासखंड की आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और आशा पर्यवेक्षकों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बीसीएम श्री अर्जुन सिंह ठाकुर, बीपीएम सुश्री विभा बिंझाड़े और संस्था समन्वयक श्री आशीष पाल उपस्थित रहे।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए बीसीएम श्री अर्जुन सिंह ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मानसिक स्वास्थ्य को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है या इसे अंधविश्वास से जोड़कर देखा जाता है, जो कि गलत है। उन्होंने जोर देकर कहा, "मानसिक रोग कोई अभिशाप नहीं बल्कि एक चिकित्सीय स्थिति है। यदि हम शुरुआती लक्षणों की पहचान कर लें और मरीज को सही समय पर अस्पताल पहुंचाएं, तो उसे गंभीर स्थिति में जाने से बचाया जा सकता है। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की यह जिम्मेदारी है कि वे समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करें और लोगों को वैज्ञानिक उपचार के प्रति जागरूक करें।"

संस्था समन्वयक श्री आशीष पाल ने इस बात पर जोर दिया कि मानसिक स्वास्थ्य की समस्याएं भी अन्य शारीरिक बीमारियों की तरह ही सामान्य हैं, जिन्हें सही समय पर संवाद और सहायता के माध्यम से ठीक किया जा सकता है। उचित उपचार और चिकित्सीय परामर्श से मानसिक रोगों से पीड़ित व्यक्ति पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी सकता है।

प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को मानसिक बीमारियों के प्रकार, शुरुआती लक्षण, दवाओं के संभावित साइड इफेक्ट्स और सेल्फ-केयर गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। क्षेत्र में आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया कि वे किस प्रकार ग्रामीण स्तर पर तनाव, अवसाद और चिंता से जूझ रहे लोगों की पहचान कर उन्हें सही मार्गदर्शन दे सकती हैं।

इस अवसर पर संस्था कार्यकर्ता सर्वश्री अक्षय धुण्डे, वीरेंद्र घागरे, अभिषेक विश्वकर्मा और सुश्री प्राची मांगरोले भी उपस्थित थे। कार्यशाला के अंत में सभी प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य संदर्भ पुस्तिका, हेल्पलाइन नंबर और टेली-काउंसलिंग सेवाओं की सूची प्रदान की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...