शासकीय महाविद्यालय कुरई में धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस
केएमबी संवाददाता
सिवनी। शासकीय महाविद्यालय कुरई में राष्ट्रीय सेवा योजना और स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वाधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। चूंकि 8 मार्च को रविवार अवकाश होने के कारण यह दिवस एक दिन पहले मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं के उत्थान एवं सुरक्षा का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में महाविद्यालय में पदस्थ महिला शिक्षकों और छात्राओं का तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी प्रो पंकज गहरवार ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की। उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि इस दिन को मनाने का खास मकसद समाज में महिलाओं को बराबरी का हक और अधिकार दिलाना है I प्रो जेपी मरावी ने कहा कि महिलाओं के योगदान और उनकी ताकत को सराहने ,जश्न मनाने का दिन है महिला दिवस I प्रो अग्रता स्वामी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 की थीम अधिकार और न्याय के साथ-साथ हर महिला और बालिका के सशक्तिकरण के लिए वास्तविक कार्रवाई पर प्रकाश डाला । छात्रा योगिता ठाकुर ने कहा कि ध्यान रखती हो सबका दर्द बांटती हो ईंटों के मकान को घर बनाती हो तुम जितना मजबूत किसी को नही देखा I अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ तीजेश्वरी पारधी ने कहा कि मातृशक्ति को समानता, सुरक्षा, स्वावलंबन एवं स्वाभिमानी जीवन प्रदान करने में सहायक बने। प्रकृति ने महिलाओं को जो नैसर्गिक गुण दिए हैं उनके कारण ही वो शांति, प्रेम और सदभाव की अग्रदूत हैं। इस अवसर पर प्रतिभाशाली छात्राओं को प्रमाण पत्र और मेडल से सम्मानित किया गया।
"दिन की रोशनी ख्वाबों को बनाने में गुजर गई,
रात की नींद बच्चों को सुलाने में गुजर गई,
जिस घर में मेरे नाम की तख्ती भी नही,
सारी उम्र उस घर को सजाने में गुजर गई।
Post a Comment