तिलोई के जनापुर गांव में वर्षों से बंद पड़ा सार्वजनिक रास्ता, आम जनमानस में आक्रोश
अमेठी। जनपद के विकासखंड तिलोई के जनापुर गांव में गाटा संख्या 413 का सार्वजनिक रास्ता कई वर्षों से बंद पड़ा हुआ है। इस रास्ते से गांव के किसान और ग्रामीण अपने खेतों तक जाया करते थे, लेकिन रास्ता बंद होने के कारण किसानों को अब काफी दूर घूमकर जाना पड़ रहा है। इससे खेती-किसानी का काम भी प्रभावित हो रहा है और ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। गांव के कई लोगों का आना-जाना भी इसी रास्ते से होता था, जो अब पूरी तरह बाधित हो चुका है। ग्रामीणों के अनुसार इस मामले की कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन अधिकारी मौके पर आकर चले जाते हैं और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सार्वजनिक रास्ता बंद करने की हिम्मत किसने की और प्रशासन अब तक चुप क्यों है? क्या किसानों और ग्रामीणों की समस्या किसी को दिखाई नहीं दे रही? ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द ही रास्ता नहीं खुलवाया गया तो उनकी खेती और रोजमर्रा की जिंदगी और भी ज्यादा प्रभावित होगी। अब देखना यह है कि क्या प्रशासन जनापुर के किसानों की परेशानी सुनेगा या सार्वजनिक रास्ता यूं ही बंद रहेगा।
Post a Comment