चंदे से बना पुल धराशायी, ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें, प्रशासन से अविलंब पुल निर्माण करने की मांग
सिंहपुर,अमेठी। तिलोई विधानसभा क्षेत्र के सिंहपुर ब्लॉक अंतर्गत जोरावरगंज बहुआ ग्राम सभा में ग्रामीणों के सहयोग से वर्षों पहले बनाया गया पुल अब पूरी तरह धराशायी हो गया है। पुल गिरने से क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और फैक्ट्री कर्मचारियों की आवाजाही प्रभावित हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार यह पुल गांव के लोगों ने करीब तीन दशक पहले चंदा इकट्ठा कर बनवाया था, क्योंकि लंबे समय से सरकारी स्तर पर पुल निर्माण नहीं कराया गया। यह पुल आसपास के कई गांवों के लिए मुख्य मार्ग के रूप में इस्तेमाल होता था। प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसी रास्ते से होकर अपने कामकाज के लिए निकलते थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीएएल और इंडो गल्फ फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारी भी इसी पुल से होकर आते-जाते थे। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से स्कूल जाते थे। पुल के गिर जाने के बाद अब लोगों को लंबा चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे समय और परेशानी दोनों बढ़ गई हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब 30 वर्षों से इस स्थान पर पक्का पुल बनवाने की मांग की जा रही है। कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से भी शिकायत की गई, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। चुनाव के समय पुल निर्माण के वादे तो किए गए, लेकिन चुनाव के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया।पुल गिरने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द स्थायी पुल का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन में हो रही दिक्कतों से राहत मिल सके।
Post a Comment