अमेठी के युवक की प्रतापगढ़ में संदिग्ध मौत, पेड़ से लटका मिला शव, घर से 50 किलोमीटर दूर मिला शव; पुलिस जांच में जुटी
अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के एक युवक की प्रतापगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, अमेठी कोतवाली क्षेत्र के कटरा राजा हिम्मत सिंह निवासी आशीष सरोज (24 वर्ष) शनिवार को अपने घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला।रविवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि प्रतापगढ़ जिले के एक मंदिर के पीछे सई नदी किनारे पेड़ से युवक का शव लटका मिला है। सूचना पाकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। बेटे का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र की जांच की।पुलिस के अनुसार, युवक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है, ताकि युवक की गतिविधियों और घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।फिलहाल युवक की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसको लेकर पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव और परिवार में शोक का माहौल है।
Post a Comment