नाले में मिली नवजात बच्ची को चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने सुरक्षित बचाया, इलाज हेतु NICU वार्ड में कराया गया भर्ती
अमेठी जनपद के इन्हौना थाना क्षेत्र अंतर्गत गणपति यात्री प्लाजा के पास चिरौली गांव में सड़क किनारे नाले में एक नवजात बच्ची मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन एवं पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव, केस वर्कर रुचि सिंह, सुपरवाइजर रोशन लाल तथा पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने नवजात बच्ची को नाले से सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर पहुंचाया।
डॉक्टरों द्वारा जांच के दौरान बच्ची का वजन कम पाए जाने पर उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने बच्ची को मलिक मोहम्मद जायसी जिला अस्पताल के एनआईसीयू वार्ड में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने बच्ची के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए लोगों से अपील की है कि किसी भी लावारिस अथवा संकटग्रस्त बच्चे की सूचना तत्काल पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन को दें, ताकि समय रहते उनकी मदद की जा सके।
Post a Comment