पुलिस टीम पर हमले के मामले में 9 गिरफ्तार, दरौली थानाध्यक्ष निलंबित, नए SHO की तैनाती
सीवान, संवाददाता। दरौली थाना क्षेत्र में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर से हुई दुर्घटना के बाद पुलिस टीम पर हमला और सड़क जाम करने के मामले में सीवान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने के बाद तत्कालीन थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है। उनकी जगह नए थानाध्यक्ष की तैनाती कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 28 जून को दरौली थाना क्षेत्र में अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर एक व्यक्ति को कुचलते हुए निकल गया। हादसे में व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही दरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और विधिसम्मत कार्रवाई शुरू की।
इसी दौरान कुछ उग्र ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया तथा सड़क जाम कर दिया। हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए सदर अस्पताल, सीवान भेजा गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, सदर-1 एवं सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया, जाम समाप्त कराया और यातायात को सामान्य कराया।
तकनीकी जांच के आधार पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने इस मामले में दरौली थाना में कांड दर्ज कर तकनीकी अनुसंधान एवं प्राप्त आसूचना के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार मामले में आगे भी विधिसम्मत कार्रवाई जारी रहेगी।
थानाध्यक्ष निलंबित, नए प्रभारी की नियुक्ति
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने दरौली थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष विवेक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं पुलिस निरीक्षक अभिनव कुमार दुबे को दरौली थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखने और थाना संचालन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपित
गिरफ्तार किए गए आरोपितों में पवन साहनी, दुर्गेश साहनी, अंकुश साहनी, मुकेश कुमार साहनी, धर्मेंद्र साहनी, अमित कुमार चौधरी, संदीप चौहान, रवि साहनी तथा एक महिला शामिल हैं। अधिकांश आरोपित दरौली थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव के निवासी हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस बल पर हमला करने तथा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Post a Comment