सुलतानपुर में कक्षा 8 तक के स्कूलों के समय में बदलाव, सुबह 7:30 से 12:30 बजे तक चलेंगे विद्यालय
सुलतानपुर में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जनपद के कक्षा 8 तक संचालित सभी विद्यालयों के समय में तत्काल प्रभाव से बदलाव कर दिया है।
सुलतानपुर। जनपद सुलतानपुर में तेज धूप, भीषण गर्मी और हीट वेव के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अहम निर्णय लिया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र गुप्ता द्वारा जारी आदेश के अनुसार, बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य बोर्डों के नर्सरी से कक्षा 8 तक के विद्यालय अब प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और विद्यालय स्टाफ निर्धारित समय पर उपस्थित रहेंगे तथा मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) का संचालन भी नियमित रूप से सुनिश्चित करेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधनों को निर्देश दिया है कि इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए यह निर्णय छात्रों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
Post a Comment