संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
अमेठी। अमेठी कोतवाली क्षेत्र के सडीला गांव में एक विवाहिता का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका की पहचान रिंकी उर्फ रोली, पत्नी राजीव उर्फ साजन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे महिला घर के अंदर कपड़े धोने के बाद पुराने मकान में गई थी। काफी देर तक बाहर न आने पर पड़ोस की एक किशोरी ने कमरे में झांककर देखा तो महिला का शव दरवाजे के सहारे फंदे से लटका मिला। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई।जानकारी के अनुसार मृतका की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। उसका एक दो वर्षीय पुत्र भी है। घटना के समय पति घर के बाहर था। मृतका मूल रूप से जनपद सुल्तानपुर के जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के अहेसा बरौंसा गांव की निवासी बताई गई है।घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है। वहीं कुछ ग्रामीणों ने भी घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।पुलिस ने मजिस्ट्रेट एवं क्षेत्राधिकारी की मौजूदगी में परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। कोतवाली पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment