19 वर्षीय युवती का शव मिलने से, इलाके में मचा हड़कंप, एसपी ने संभाली जांच की कमान
अमेठी। थाना अमेठी क्षेत्र के ग्राम रणवीरनगर मजरा जंगल रामनगर में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में एक 19 वर्षीय युवती का शव मिलने की सूचना मिली। घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान काजल (19 वर्ष) निवासी ग्राम रणवीरनगर मजरा जंगल रामनगर के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य सुरक्षित करने तथा संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक ढंग से जांच करने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से घटना के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच करने और सभी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने को कहा। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए, जबकि पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाने में लगी रही।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज कुमार मिश्र सहित थाना पुलिस एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
Post a Comment