जमीन दिलाने का झांसा देकर वर्षों तक दुष्कर्म का आरोप, पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की जांच
तिलोई,अमेठी। थाना मोहनगंज क्षेत्र की एक महिला ने एक व्यक्ति पर जमीन दिलाने का झांसा देकर कई वर्षों तक उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने, आर्थिक एवं मानसिक शोषण करने तथा बाद में जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की लिखित शिकायत कोतवाली मोहनगंज में देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, उसका विवाह नसरतपुर क्षेत्र के कमपुर निवासी रुखसार अहमद के साथ हुआ था, जो आरोपी मंजूर अहमद के भांजे बताए जाते हैं। महिला का कहना है कि उसके पति का सऊदी अरब में निधन हो गया था, जिसके बाद वह काफी कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रही थी। इसी दौरान आरोपी मंजूर अहमद ने उसे जमीन दिलाने का भरोसा दिलाया और विश्वास में लिया। महिला का आरोप है कि जमीन दिलाने का आश्वासन देकर आरोपी ने उसकी मजबूरी का फायदा उठाया और उसकी इच्छा के विरुद्ध कई वर्षों तक उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का यह भी आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसका आर्थिक और मानसिक शोषण भी किया। जब उसने जमीन दिलाने के अपने वादे को पूरा करने के लिए कहा, तो आरोपी कथित रूप से टालमटोल करने लगा और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी।पीड़िता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में मोहनगंज कोतवाली पुलिस का कहना है कि महिला की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी गई है तथा जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।समाचार लिखे जाने तक आरोपी पक्ष का आधिकारिक बयान प्राप्त नहीं हो सका था। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Post a Comment