⚡ ब्रेकिंग News

539 जोड़ों का मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सम्पन्न हुआ विवाह

539 जोड़ों का मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत हुआ विवाह

नवदंपतियों पर पुष्पवर्षा कर जनप्रतिनिधियों ने दिया सुखद दांपत्य जीवन का आशीर्वाद

केएमबी संवाददाता
सुलतानपुर, 21 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद सुलतानपुर के फरीदीपुर स्थित केएनआई परिसर में आयोजित दो दिवसीय सामूहिक विवाह समारोह का मंगलवार को भव्य एवं गरिमामय वातावरण में समापन हुआ। सामाजिक समरसता, सर्वधर्म समभाव तथा आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के सम्मानजनक विवाह के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 539 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक सुलतानपुर विनोद सिंह एवं विधायक सदर राज प्रसाद उपाध्याय द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने दोनों मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
  मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित इस समारोह में कुल 539 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिनमें 532 हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ जबकि शेष 7 मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामी रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। एक ही मंच पर विभिन्न धर्मों के रीति-रिवाजों के अनुरूप विवाह सम्पन्न होने से सामाजिक सौहार्द, धार्मिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रसारित हुआ।
    इस अवसर पर अपने संबोधन में विधायक सुलतानपुर एवं विधायक सदर ने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना समाज के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत नवविवाहित दंपतियों को सरकार द्वारा एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे उनके नए जीवन की शुरुआत सम्मानपूर्वक एवं आत्मनिर्भरता के साथ हो सके। उन्होंने पात्र परिवारों से योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान भी किया।
  मुख्य अतिथियों विधायक सुलतानपुर, विधायक सदर, मुख्य विकास अधिकारी तथा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि धनपतगंज ने नवविवाहित दंपतियों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन के लिए शुभाशीष प्रदान किया। सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवदंपतियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनके वैवाहिक जीवन में सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
 समारोह के समापन अवसर पर सभी नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रमाण-पत्र प्राप्त कर नवदंपतियों एवं उनके परिजनों ने प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
 कार्यक्रम में विधायक सुलतानपुर विनोद सिंह, विधायक सदर राज प्रसाद उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि धनपतगंज त्रिनेत्र पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक (डीआरडीए), जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...