शंभूगंज हादसा: नम आंखों से मृतकों को दी गई अंतिम विदाई, गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार
सुल्तानपुर। लम्भुआ तहसील के शंभूगंज बाजार में हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से हुई दर्दनाक घटना में जान गंवाने वाले मृतकों का रविवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में परिजन, रिश्तेदार, ग्रामीणों के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हर आंख नम थी और पूरे गांव में शोक की लहर छाई रही। दाह संस्कार से पहले मृतक के अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने मृतक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए हादसे को विद्युत विभाग की घोर लापरवाही का परिणाम बताया।
गौरतलब है कि शनिवार को शंभूगंज बाजार में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया था। करंट की चपेट में आने से बाजार में मौजूद किसान यादव समेत दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग बाल-बाल बच गए। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था।
अंतिम संस्कार के दौरान भी परिजनों और ग्रामीणों ने मृतकों के आश्रितों को उचित आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सतर्कता बरती जा रही है।
Post a Comment