चरवाहा सम्मेलन में वन्यजीव संरक्षण का दिया गया संदेश, चरवाहों को वितरित की गई आवश्यक सामग्री
सिवनी। पेंच टाइगर रिजर्व सिवनी के कुम्भपानी, खमरपानी एवं घाटकोहका परिक्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्रामों के चरवाहों के लिए चरवाहा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति चरवाहों को जागरूक करना तथा वन विभाग और ग्रामीणों के बीच समन्वय को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री सुजीत चौधरी ने चरवाहों को संबोधित करते हुए कहा कि वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा में स्थानीय ग्रामीणों और चरवाहों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी से वन विभाग के साथ मित्रतापूर्ण समन्वय बनाए रखते हुए संरक्षण कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
सम्मेलन के दौरान चरवाहों को आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही वन क्षेत्र में सुरक्षित आवागमन, वन्यप्राणियों से बचाव तथा बाघ की उपस्थिति वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की समझाइश दी गई। चरवाहों को बताया गया कि यदि बाघ दिखाई दे या हमला कर दे, तो घबराएं नहीं, मवेशियों और बाघ के बीच जाने का प्रयास न करें। उन्हें वन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए सायरन/टेप (ध्वनि उपकरण) का उपयोग कर शोर मचाने की सलाह दी गई, ताकि बाघ को दूर भगाया जा सके और किसी भी प्रकार की जनहानि से बचाव हो सके। साथ ही ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना देने के लिए भी कहा गया।
इस अवसर पर क्षेत्र संचालक पेंच टाइगर रिजर्व सिवनी, परिक्षेत्र अधिकारी कुम्भपानी, खमरपानी, घाटकोहका एवं खवासा, जमतरा एवं हलाल के सरपंच, परिक्षेत्र सहायक, वन रक्षक, समिति अध्यक्ष, सुरक्षा श्रमिक सहित बड़ी संख्या में चरवाहे उपस्थित रहे।
Post a Comment