अमेठी में गूंजी अमन की अज़ान, भाईचारे और सौहार्द के साथ अदा हुई ईदुलफित्र की नमाज
अमेठी। ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर जनपद अमेठी में आस्था, उल्लास और भाईचारे का अद्भुत संगम देखने को मिला। जिले की चारों तहसीलों—तिलोई, मुसाफिरखाना, गौरीगंज और अमेठी—में ईद की नमाज शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में अदा की गई। सुबह की पहली किरण के साथ ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर ओर “ईद मुबारक” की गूंज और गले मिलते लोगों की तस्वीरें सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत कर रही थीं।प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे जिलाधिकारी राकेश सिंह चौहान और पुलिस अधीक्षक सर्वानंद स्वयं विभिन्न स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते रहे। उनके निर्देशन में पूरे जनपद में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे हर स्थान पर शांति और कानून व्यवस्था बनी रही। अधिकारियों की सतर्कता के चलते कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।नमाज के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने धर्मगुरुओं, मस्जिदों के इमामों एवं मौलानाओं से मुलाकात कर लोगों को प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया। उन्होंने विशेष रूप से अफवाहों से दूर रहने और समाज में शांति बनाए रखने की अपील की।इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारीगण भी मौजूद रहे और सभी ने मिलकर त्योहार को सकुशल संपन्न कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Post a Comment