जंगल से रोजगार तक: पेंच की पहल बनी युवाओं की ताकत
केएमबी ब्यूरो श्रावण कामड़ेसिवनी। पेंच टाइगर रिज़र्व द्वारा स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में शुरू की गई पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
“सशक्त युवा, सशक्त संरक्षण” अभियान के तहत आयोजित रोजगार शिविर से चयनित युवाओं को अब रोजगार के अवसर मिलने लगे हैं।
मार्च के प्रथम सप्ताह में खवासा स्थित प्रशिक्षण हॉल में आयोजित शिविर में Tata Motors और Larsen & Toubro (एलएंडटी) जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं को कौशल विकास और रोजगार संबंधी जानकारी दी थी।
इसी क्रम में रविवार को पहले चरण में चयनित 16 युवाओं को बस द्वारा नागपुर रवाना किया गया। यहां से वे गुजरात के अहमदाबाद (सानंद) स्थित टाटा मोटर्स प्लांट में कार्यभार संभालेंगे। वहीं 3 अन्य युवाओं ने एलएंडटी में जॉइनिंग कर ली है। पेंच प्रबंधन द्वारा युवाओं के लिए यात्रा, ठहरने और प्रारंभिक व्यवस्थाओं में भी सहयोग दिया जा रहा है।
इस अवसर पर छिंदवाड़ा जिले के बिछुआ में आयोजित कार्यक्रम में चौरई विधायक चौधरी सुजीत मेरसिंह ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में चयनित युवाओं के अभिभावक भी उपस्थित रहे।
पेंच टाइगर रिज़र्व के क्षेत्र संचालक देवाप्रसाद और उप संचालक पुनीत गोयल के निर्देशन में आयोजित इस पहल में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने इसे युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।
प्रबंधन द्वारा युवाओं को उद्योगों से जोड़ने के लिए निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया जा रहा है। यह पहल न केवल स्थानीय युवाओं को स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने में सहायक होगी, बल्कि उनके जीवन स्तर में सुधार के साथ वन संसाधनों पर निर्भरता भी कम करेगी, जिससे संरक्षण कार्यों को मजबूती मिलेगी।
Post a Comment