मैरवा में भव्य राजतिलक के साथ रामकथा महोत्सव संपन्न, जय श्रीराम के जयघोष से गुंजायमान हुआ मंदिर परिसर
मैरवा,सिवान। श्री राम जानकी मंदिर में आयोजित सात दिवसीय रामकथा महोत्सव का समापन गुरुवार को अत्यंत भक्ति और उल्लास के साथ हुआ। आयोजन के अंतिम दिन कथा वाचिका पंडित कंचन किशोरी ने प्रभु श्रीराम के जीवन के उत्तरार्ध के प्रसंगों का सजीव वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
कथा के दौरान जब पंडित कंचन किशोरी ने रावण वध का प्रसंग सुनाया तो पूरा मंदिर परिसर “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा। उन्होंने बताया कि रावण वध केवल एक असुर का अंत नहीं, बल्कि अधर्म पर धर्म और अंधकार पर प्रकाश की विजय का शाश्वत संदेश है। महोत्सव का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन और उनके भव्य राजतिलक का प्रसंग रहा। इसका इतना मनोहारी चित्रण किया गया कि उपस्थित श्रद्धालु खुशी से झूम उठे। समापन अवसर पर कथा वाचिका ने नौ देवियों की महिमा का वर्णन करते हुए शक्ति, श्रद्धा और भक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला।
कथा के अंतिम दिन मैरवा और आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। महोत्सव के सफल समापन पर आयोजक समिति ने सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
अंत में भव्य आरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ। मुख्य यजमानों एवं आयोजकों में चेयरमैन प्रतिनिधि अभिमन्यु कुमार, दयाशंकर प्रसाद, डॉ. दिनेश चंद्र, संदीप तुरहा, राकेश कुमार उर्फ जस्सी, बबलु जैसवाल, सुमित वर्मा, अर्जुन सिंह, राजकुमार जैसवाल, मुकुल कुमार बरनवाल एवं चन्दन जायसवाल सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Post a Comment