एनएच-28 पर अज्ञात वाहन की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत
देवरिया। कुशीनगर जिले के तमकुहीराज क्षेत्र के एनएच-28 पर गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में देवरिया जिले के युवक फसीबुल्लाह सिद्दीकी की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई।फसीबुल्लाह सिद्दीकी (पुत्र हजरत अली), देवरिया जिले के बघौचघाट थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि वह विदेश जाने की तैयारी में थे और इसके लिए मेडिकल जांच कराने बिहार गए थे। जांच पूरी करने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
तमकुहीराज के पास एनएच-28 पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि फसीबुल्लाह के सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। फसीबुल्लाह चार भाइयों में सबसे छोटे थे और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए विदेश जाना चाहते थे। उनके पिता खेती-किसानी करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। उनकी कोई संतान नहीं थी। सघटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी वसीम अहमद और पूर्व ग्राम प्रधान नौशाद अहमद सहित कई लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।
Post a Comment