घर में सेंध लगाकर करीब 10 लाख रुपये की चोरी, 20 दिन बाद भी नहीं दर्ज हुई एफआईआर
तिलोई,अमेठी। थाना इन्हौना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोपालपुर मजरे भवानीपुर में सेंधमारी की बड़ी वारदात सामने आई है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि अज्ञात चोर घर में सेंध लगाकर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, 50 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। घटना के लगभग 20 दिन बीत जाने के बावजूद मुकदमा दर्ज न होने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, राजवती पत्नी माताफेर ने बताया कि 17 जून 2026 की रात भीषण गर्मी के कारण पूरा परिवार घर के बाहर सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान के पीछे की दीवार में सेंध काटकर घर के अंदर घुस गए। चोर घर में रखे बक्से उठाकर पास के बाग में ले गए, जहां ताले तोड़कर पांच बहुओं के सोने-चांदी के जेवर, करीब 50 हजार रुपये नकद तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।पीड़िता का कहना है कि सूचना मिलते ही डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची थी। बाद में थाना पुलिस को लिखित तहरीर के साथ चोरी हुए जेवरों की रसीदें भी उपलब्ध करा दी गईं, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।पीड़िता ने जिलाधिकारी अमेठी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कराने, चोरी गए सामान की बरामदगी कराने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।हालांकि, पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों पर पुलिस का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। पुलिस का पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
Post a Comment