शंभूगंज बाजार में 11 हजार वोल्ट लाइन टूटकर गिरी, करंट की चपेट में आए दो सब्जी विक्रेताओं की दर्दनाक मौत
केएमबी संवाददाता
सुलतानपुर। लंभुआ तहसील के शंभूगंज बाजार में शनिवार को उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन अचानक टूटकर सड़क किनारे सब्जी की दुकान पर गिर गई। करंट की चपेट में आने से दो सब्जी विक्रेताओं की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान गुरुप्रसाद गुप्ता (50) और राधेश्याम यादव (55) के रूप में हुई है। दोनों शंभूगंज बाजार में सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईटेंशन लाइन टूटकर सीधे उनकी दुकानों के ऊपर गिर गई, जिससे दोनों तेज करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
Post a Comment