खस्ताहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, विधायक राजा मयंकेश्वर शरण सिंह से लगाई उम्मीद
तिलोई, अमेठी। तिलोई क्षेत्र के राजनगर चौराहे से चिलुली, जामो दीप सहित कई छोटे-छोटे गांवों को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए यह सड़क आवागमन की लाइफ लाइन मानी जाती है, लेकिन जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी हुई डामर और बरसात में जलभराव के कारण लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।इसी मार्ग से प्रतिदिन छात्र-छात्राएं, किसान, व्यापारी, मरीज और नौकरीपेशा लोग आवागमन करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की दुर्दशा से शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार सभी प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने प्रदेश सरकार के चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री एवं तिलोई विधायक राजा मयंकेश्वर शरण सिंह से सड़क का शीघ्र मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।सोशल मीडिया पर भी सड़क की बदहाली को लेकर लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी। शैलेन्द्र कुमार ने लिखा कि "लगभग दो साल हो गए हैं, इस सड़क की यही हालत है, किसी को दिखाई नहीं दे रहा है।" एक अन्य टिप्पणी में उन्होंने कहा कि "लोगों के पास उम्मीद के अलावा कोई विकल्प नहीं है।" अर्पित सिंह (अमेठी) ने लिखा कि "देखिए कब बनती है यह सड़क, आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं और छोटे-छोटे बच्चे इसी रास्ते से स्कूल जाते हैं।" भैरव पांडेय ने अपनी टिप्पणी में कहा कि "पहले भी तिलोई-चिलुली रोड का मुद्दा वीडियो के माध्यम से उठाया गया था, लेकिन कोई ठोस संज्ञान नहीं लिया गया।" उन्होंने यह भी लिखा कि "इस सड़क पर कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। "वहीं अखिलेश तिवारी ने सड़क को जनहित का महत्वपूर्ण मुद्दा बताते हुए कहा कि इस मार्ग की जर्जर स्थिति राहगीरों के लिए जानलेवा बनती जा रही है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से इस समस्या का शीघ्र समाधान कराने की अपील की। क्षेत्रीय नागरिकों को उम्मीद है कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मार्ग का जल्द पुनर्निर्माण कराया जाएगा, जिससे हजारों ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
Post a Comment