गेहूं से लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे गड्ढे में पलटा, चालक व पल्लेदार घायल, चल रहा है इलाज
अमेठी। तिलोई तहसील क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया।मोहनगंज-आईटीआई मार्ग पर सबा अस्पताल के सामने गेहूं की बोरियों से लदा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। हादसे में चालक और ट्रैक्टर पर सवार एक पल्लेदार घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर चालक की पहचान सोनू जायसवाल पुत्र संगम जायसवाल, निवासी पूरे ठकुराइन मजरे करन गांव, थाना मोहनगंज, जनपद अमेठी के रूप में हुई है। हादसे में उनके साथ मौजूद एक पल्लेदार भी घायल हुआ है, जिसकी पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला। दुर्घटना में ट्रैक्टर-ट्रॉली में लदी गेहूं की बोरियां भी सड़क किनारे बिखर गईं। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
Post a Comment