विद्युत विभाग के (जेई) द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमें पर बवाल, एसपी कार्यालय का किसान यूनियन ने किया घेराव
अमेठी। बिजली विभाग के कर्मचारी के साथ कथित नोक झोंक और मारपीट के मामले में दर्ज मुकदमे को लेकर सोमवार को अमेठी में विवाद गहरा गया। मुकदमे के विरोध में किसान यूनियन के सैकड़ों कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं गौरीगंज स्थित पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचीं और घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व किसान नेता रीता सिंह कर रही थीं। एसपी कार्यालय पहुंचने से पहले पुलिस ने महिला प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोक झोंक हो गई। पुलिस द्वारा रोके जाने से नाराज किसानों और महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) द्वारा दर्ज कराया गया मुकदमा अनुचित है और इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान एसपी कार्यालय के बाहर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा। स्थिति को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। पुलिस प्रशासन लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास करता रहा।समाचार लिखे जाने तक गौरीगंज स्थित एसपी कार्यालय के बाहर किसान यूनियन का धरना-प्रदर्शन जारी था। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
Post a Comment