नहर में बोरे में बंधा मिला अज्ञात युवक का शव, क्षेत्र में मचा हड़कंप, जंजीर और पत्थर से बंधा था शव
अमेठी। जामों थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधवा गांव के पास स्थित शारदा सहायक खंड-49 नहर में रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने नहर में एक संदिग्ध बोरा दिखाई देने पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जामों थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बोरे को नहर से बाहर निकलवाया।जब बोरा खोला गया तो उसके अंदर एक युवक का शव मिला।प्रारंभिक जांच में शव लोहे की जंजीर और भारी पत्थर से बंधा हुआ पाया गया, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार शव कई दिन पुराना लग रहा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के साथ एसओजी टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के जनपदों और थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शव को नहर में कब और किन परिस्थितियों में फेंका गया।प्रथम दृष्टया मामला हत्या के बाद शव को छिपाने के उद्देश्य से नहर में फेंके जाने की आशंका की ओर इशारा करता है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।इस घटना से बंधवा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत और चर्चाओं का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की गुमशुदगी की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, जिससे शव की पहचान कर मामले का शीघ्र खुलासा किया जा सके।
Post a Comment