नवोदय में विद्याकलश का परचम: चार मेधावियों का कक्षा 11 में जवाहर नवोदय विद्यालय के लिए चयन, विद्यालय परिवार में हर्ष
तिलोई,अमेठी। प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर विद्याकलश हाई स्कूल, खानापुर चपरा के विद्यार्थियों ने एक बार फिर विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय के चार मेधावी विद्यार्थियों—साक्षी, श्वेता, अपर्णा और पीयूष—का चयन कक्षा 11 में प्रवेश के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय, गौरीगंज, अमेठी में हुआ है। विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्र में खुशी की लहर है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य राहुल यादव ने बताया कि विद्यालय के कुल 106 विद्यार्थियों ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी। इनमें से कुछ विद्यार्थियों ने जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 11 में प्रवेश के लिए आयोजित चयन परीक्षा में हिस्सा लिया। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय के चार विद्यार्थियों का चयन हुआ।
चयनित विद्यार्थियों में साक्षी, श्वेता, अपर्णा एवं पीयूष शामिल हैं। खास बात यह है कि हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में साक्षी ने विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया था। अब नवोदय विद्यालय में चयन के साथ चारों विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का एक और शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया है।विद्यार्थियों की सफलता पर विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. राम कल्प तिवारी एवं प्रबंधक डॉ. आलोक तिवारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चयनित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत के साथ-साथ शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।विद्यालय प्रबंधन की ओर से चयनित विद्यार्थियों के अभिभावकों और समस्त शिक्षकों को भी बधाई दी गई। विद्यार्थियों की इस सफलता को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी विद्याकलश के विद्यार्थी शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
Post a Comment