थानाध्यक्ष और पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने हरी झंडी दिखाकर कांवरियों को किया रवाना
मांधाता,प्रतापगढ़। पवित्र सावन मास में भगवान भोलेनाथ की भक्ति का रंग खुशहालगंज में देखने को मिला। कोतवाली मांधाता के एसओ धनंजय राय और पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गुड्डन ने हरी झंडी दिखाकर खुशहालेश्वर नाथ धाम से कांवरिया संघ के जत्थे को प्रयागराज संगम से गंगाजल लेने के लिए रवाना किया। इस दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में कांवरिया भगवा वस्त्र धारण कर हाथों में कांवर लिए बाबा भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आए। जिले के मांधाता विकासखंड अंतर्गत खुशहालगंज कांवरिया संघ का जत्था विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी प्रयागराज संगम से पवित्र गंगाजल लेकर खुशहालगंज स्थित खुशहालेश्वर नाथ धाम में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए रवाना हुआ। कांवरियों का जत्था खुशहालगंज से विश्वनाथगंज रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां से सभी श्रद्धालु प्रयागराज संगम के लिए रवाना हुए। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों और हर-हर महादेव, बोल बम के जयकारों से माहौल शिवमय हो गया। कांवरिया संघ के अध्यक्ष कुलभूषण सिंह (मिंटू सिंह) ने बताया कि प्रयागराज संगम से गंगाजल भरने के बाद कांवरिया पदयात्रा करते हुए खुशहालगंज पहुंचेंगे और खुशहालेश्वर नाथ मंदिर में बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने कहा, “महादेव की भक्ति में जो रंग जाता है, उसकी जिंदगी का हर रास्ता शिवमय हो जाता है। हर-हर महादेव!” कांवरियों की यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कोतवाली मांधाता के एसओ धनंजय राय, एसआई अनूप यादव, अलंकार यादव सहित पुलिस टीम सक्रिय रही। इस अवसर पर कांवरिया संघ के अध्यक्ष कुलभूषण सिंह वरिष्ठ पत्रकार राधेश्याम सिंह अवनीश मिश्रा अंजनी तिवारी धर्मेंद्र दुबे प्रभात दुबे संजय सिंह अतुल यादव राहुल गुप्ता शामिल रहे।
Post a Comment