भनौली गांव में नमाज के बाद युद्ध के विरोध में प्रदर्शन, अमेरिका-इजराइल के खिलाफ लगाए नारे
अमेठी। जनपद के मुसाफिरखाना क्षेत्र स्थित भनौली गांव में शुक्रवार को नमाज के बाद खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में शिया समुदाय के लोग एकत्र हुए और अमेरिका तथा इजराइल के खिलाफ नारेबाजी की।बताया जा रहा है कि खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव और ईरान से जुड़े घटनाक्रम को लेकर समुदाय के लोगों में नाराजगी देखने को मिली। नमाज के बाद लोग गांव में एकत्र हुए और अमेरिका व इजराइल की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन करते हुए मुर्दाबाद के नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि युद्ध और हिंसा से आम नागरिकों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति कायम करने की अपील भी की। वहीं कुछ लोगों ने ईरान के सर्वोच्च नेता से जुड़े घटनाक्रम को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से किया गया और इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी रही। सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी सतर्क रही और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी। अधिकारियों का कहना है कि इलाके में शांति और कानून व्यवस्था पूरी तरह कायम है।गौरतलब है कि खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव को लेकर देश के कई हिस्सों में लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रिया जाहिर कर रहे हैं। इसी क्रम में अमेठी के मुसाफिरखाना क्षेत्र के भनौली गांव में भी लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई।
Post a Comment