कुड़वार गोली कांड के दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजे गए जेल
सुल्तानपुर। कुड़वार थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व हुए सनसनीखेज गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी सहित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।जानकारी के अनुसार कुड़वार बाजार स्थित कमला गैस एजेंसी के पास हुई गोलीकांड की घटना में शामिल मुख्य आरोपी रमेश मौर्या (51) पुत्र तुलसीराम मौर्या तथा अनुराग मौर्या (27) पुत्र रमेश मौर्या निवासी नरवापार गांव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत के आदेश पर जिला कारागार भेज दिया गया।बताया जाता है कि नरवापार गांव निवासी 55 वर्षीय माता प्रसाद पांडे पुत्र स्वर्गीय वशिष्ठ पांडे को जमीन विवाद के चलते गोली मार दी गई थी, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।थाना प्रभारी निरीक्षक तरूण पटेल ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
Post a Comment