हरिराम ब्रह्म स्थान मंदिर में पुजारियों के दो गुटों में खूनी संघर्ष, 6 घायल और 5 हिरासत में
केएमबी मुकुल बरनवाल
मैरवा। आस्था के प्रमुख केंद्र हरिराम ब्रह्म स्थान मंदिर परिसर में रविवार को पूजा कराने को लेकर पुजारियों के दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया। वर्चस्व की इस लड़ाई में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मैरवा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, स्थिति वहां भी नहीं संभली और दोनों पक्षों के लोग अस्पताल परिसर में ही फिर से भिड़ गए। इस दौरान अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और परिसर कुछ समय के लिए रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।
घायलों की पहचान हरनाथपुर गांव निवासी रवि प्रकाश पांडेय, शिवशरण पांडेय, विजय पांडेय तथा मीरगंज थाना क्षेत्र के कुसौधी गांव निवासी आदित्य पांडेय, बिपु पांडेय और शनि पांडेय के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से कुल छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। वहीं, डायल 112 की टीम मंदिर परिसर में करीब दो घंटे तक कैंप कर स्थिति को नियंत्रित करती रही।
घायल रवि प्रकाश पांडेय के अनुसार, एक यजमान उपनयन संस्कार कराने के लिए उनके पास आए थे। पूजा की तैयारी के दौरान ही दूसरे पक्ष के लोग पहुंचे और यजमान को अपना बताते हुए हस्तक्षेप करने लगे। इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।
Post a Comment