⚡ ब्रेकिंग News

यूपी-112 की तत्परता से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंची महिला अभ्यर्थी, पुलिस की संवेदनशीलता की सराहना

यूपी-112 की तत्परता से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंची महिला अभ्यर्थी, पुलिस की संवेदनशीलता की सराहना

केएमबी खुर्शीद अहमद 
अमेठी, उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान यूपी-112 की तत्परता और संवेदनशील कार्यप्रणाली का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया। जनपद अयोध्या से परीक्षा देने अमेठी आई एक महिला अभ्यर्थी को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाने में यूपी-112 की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे वह निर्धारित समय पर परीक्षा में शामिल हो सकी।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को यूपी-112 कंट्रोल रूम को एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया कि एक महिला अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए कोई वाहन उपलब्ध नहीं हो रहा है और उसे तत्काल सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही पीआरवी-6907 की टीम मौके पर पहुंची और अभ्यर्थी से संपर्क किया।
पूछताछ में पता चला कि अंजली पुत्री राधेश्याम, निवासी मिल्कीपुर जनपद अयोध्या, पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा देने अमेठी आई थीं। वह थाना पीपरपुर क्षेत्र के दुर्गापुर चौराहे पर बस से उतरी थीं, लेकिन वहां से परीक्षा केंद्र की दूरी लगभग 32 किलोमीटर थी। पर्याप्त समय न होने और कोई सवारी न मिलने के कारण उनके परीक्षा छूटने की आशंका बढ़ गई थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीआरवी-6907 की टीम ने तत्काल आरओआईपी (ROIP) के माध्यम से कंट्रोल रूम से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद टीम अभ्यर्थी को लेकर थाना पीपरपुर क्षेत्र की सीमा टीकरमाफी तक पहुंची, जहां पूर्व समन्वय के तहत पीआरवी-6905 पहले से मौजूद थी। पीआरवी-6905 की टीम ने अभ्यर्थी को अपने वाहन से परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित और समय पर पहुंचाया।
समय रहते परीक्षा केंद्र पहुंचने पर अभ्यर्थी अंजली ने अमेठी पुलिस और यूपी-112 की त्वरित सहायता, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की मदद के बिना समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचना संभव नहीं था।
इस सराहनीय कार्य में पीआरवी-6907 के कमांडर हेड कांस्टेबल राजेश पाल, सब कमांडर कांस्टेबल नन्दलाल यादव तथा चालक होमगार्ड ओम प्रकाश पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं पीआरवी-6905 के हेड कांस्टेबल रामनाथ यादव और कांस्टेबल संदीप वर्मा ने भी अभ्यर्थी को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाने में सक्रिय सहयोग किया।
अमेठी पुलिस की इस मानवीय पहल की स्थानीय स्तर पर व्यापक सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि यह घटना पुलिस के जनसेवा और नागरिक सहयोग के प्रति समर्पित दृष्टिकोण को दर्शाती है तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...