विवाहिता ने लगाई फांसी, मासूमों के सर से उठा मां का साया, जांच में जुटी पुलिस
अमेठी। जनपद के मुसाफिरखाना कस्बे में गुरुवार सुबह एक विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल व्याप्त हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। जानकारी के अनुसार, मुसाफिरखाना कस्बे के वार्ड नंबर 4 निवासी 32 वर्षीय श्वेता शर्मा, पत्नी दुर्गेश शर्मा, अपने कमरे में पंखे से फंदे पर लटकी हुई मिलीं। गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। जब दरवाजा खोला गया तो श्वेता का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।बताया जाता है कि मृतका के पति दुर्गेश शर्मा क्षेत्र के एक विद्यालय में अनुदेशक के पद पर कार्यरत हैं। वे बुधवार को टीजीटी परीक्षा देने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। घटना के समय घर में श्वेता के साथ उनके दो बच्चे और ससुर मौजूद थे। अचानक हुई इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है और बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।पुलिस का कहना है कि अभी तक आत्महत्या के पीछे किसी स्पष्ट कारण की जानकारी नहीं मिल सकी है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment