⚡ ब्रेकिंग News

मुख्यमंत्री ने 710 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्याश

मुख्यमंत्री ने 710 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

सीएम ने 9 साल पहले के बुंदेलखंड की दुर्दशा और अब आए परिवर्तन का भी किया जिक्र

केएमबी ब्यूरो रानू शुक्ला
बांदा,9 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा व बबेरू विधानसभा क्षेत्र के लिए 710 करोड़ से अधिक की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। सीएम ने लोकार्पण व शिलान्यास की गईं कई योजनाओं को गिनाकर इसका श्रेय जनता व जनप्रतिनिधियों को दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुंदेलखंड की दुर्दशा के दौर को भी बयां किया। उन्होंने बताया कि सीएम बनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने मुझसे कहा था कि पहला दौरा बुंदेलखंड का हो और वहां के लिए कुछ किया जाए। उन्होंने कहा कि 9 पहले जब आया तो देखा कि पिछड़ापन यहां का पर्याय था। पलायन और प्यास बुंदेलखंड की पहचान बन गई थी। खनन, लैंड, सैंड, वन, भूमाफिया व डकैतों का ऐसा आतंक था, जिससे किसान भी खेत में जाने से डरता था। पाठा का यह क्षेत्र डकैतों के लिए फिरौती व वसूली का माध्यम बन गया था। कनेक्टिविटी, सिंचाई, पेयजल, सुरक्षा, रोजगार नहीं था। थाने में एफआईआर तक नहीं होती थी। बुंदेलखंड अस्तित्व के लिए जूझ रहा था परंतु अब बुंदेलखंड की प्रगति को देखकर अंतःकरण से प्रसन्नता होती है। हर किसी को 9 वर्ष पहले और आज के बांदा में परिवर्तन दिखेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि विकास व विरासत के संरक्षण के लिए शासन के संज्ञान में जो भी प्रोजेक्ट आएगा, उसे लागू कर बुंदेलखंड को धरती का स्वर्ग बनाएंगे। 
उन्होंने कहा कि जनता ने प्रकाश द्विवेदी, रामकेश निषाद व ओममणि वर्मा जैसे अच्छे जनप्रतिनिधियों को जिताया है तो यहां विकास की परियोजनाएं आ रही हैं। बुंदेलखंड भी डकैत, माफिया, कर्फ्यू, उपद्रव व दंगामुक्त हो गया। अब यहां महारानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलीटेक्निक कॉलेज के साथ कनेक्टिविटी की बेहतरीन सुविधा मिल रही है। उन्होंने सचेत किया कि यदि भूमाफिया व डकैत चुनाव जीतेगा तो व्यापारी का अपहरण करेगा, गरीबों को उजाड़ेगा और नौजवानों-गरीबों की योजनाओं पर डकैती डालेगा। 2017 के पहले उ0प्र0 में यही होता था। जिसे प्रदेश की रखवाली की जिम्मेदारी सौंपी, वही प्रदेश को लूटते थे। गरीबों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिलती थीं। परंतु अब ‘सबका साथ-सबका विकास’ की भावना के साथ हर वर्ग को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने ने कहा कि डबल इंजन सरकार तुष्टिकरण की नीति पर नहीं चलती। सरकार को उपद्रव, कर्फ्यू, गुंडागर्दी पसंद नहीं है। सरकार बेटी-व्यापारी की सुरक्षा पर सेंध लगाने वालों को चेतावनी देती है और न मानने वालों के लिए यमराज के घर जाने का रास्ता भी खोल देती है। सीएम ने कहा कि पिछली बार आने पर भी यहां कुछ प्रतिमाओं का अनावरण किया था। उन्होंने अवंती बाई लोधी की दिव्य-भव्य प्रतिमा का अनावरण किया है। 
मुख्यमंत्री ने बांदा की सड़कों व चौराहों में आए बदलाव का भी जिक्र किया, कहा कि शहर के लोग जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर व्यवस्थित सिटी का मॉडल बना सकते हैं। बांदा वीरों-वीरांगनाओं को सम्मान दे रहा है। यहां महापुरुषों के नाम पर पार्क बन रहे हैं। कालिंजर का अजेय दुर्ग विजय पथ पर बढ़ने की प्रेरणा देता है। वहां विराजमान नीलकंठ महादेव का आशीर्वाद हर किसी को मिलता है। सीएम ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार है तो भारत की विरासत को संरक्षित किया जा रहा है। सीएम ने आज सुबह चित्रकूट में कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम चित्रकूट व बुंदेलखंड की स्मृतियों में हैं। 
उन्होंने ने कहा कि हमारी सरकार ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे दिया और डिफेंस मैन्युफेक्चरिंग कॉरिडोर का हब बनाया। यूपी में बनी ब्रह्मोस मिसाइल को जब भारत दागता है तो पाकिस्तान भी बाप-बाप करते हुए चिल्लाता है। भारत के जवानों के इस शौर्य, पराक्रम का केंद्र बिंदु बुंदेलखंड बन रहा है।  
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि समर्पित और जनता-जनार्दन को योजनाओं से जोड़ने वाला होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2017 में सीएम बनने के बाद मैंने दो बातें कही थीं कि अवैध स्लाटर हाउस बंद होंगे और गरीबों-व्यापारियों की जमीन पर कब्जा करने वाले माफिया 24 घंटे में खाली कर दें अन्यथा हमें खाली कराना आता है। उन्होंने कहा कि माफियाओ से 64 हजार एकड़ लैंड जमीन खाली कराई गई, जिसमें अब निवेश हो रहा है और इससे नौजवानों को नौकरी मिल रही है। बुंदेलखंड के नौजवान को अब घर में ही कार्य मिलता है। सीएम ने सरकारी नौकरी व रोजगार से जुड़े युवाओं की संख्या का भी जिक्र किया। 
मुख्यमंत्री ने जनसभा स्थल पर दो आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, चाबी, प्रमाण पत्र आदि भी सौंपा। इस दौरान बांदा की विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने यहां बच्चों का अन्नप्राशन कराया, महिलाओं को पोषण से भरी पोटली दी। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन कर युवाओं से बातचीत भी की। बेसिक शिक्षा परिषद के स्टॉल पर स्कूल चलो अभियान व बच्चों द्वारा बनाए गए मॉडल की जानकारी ली और उन्हें चॉकलेट दी। जिला प्रशासन की तरफ जिलाधिकारी बांदा श्री अमित आसेरी द्वारा मुख्यमंत्री को को शजर पत्थर से निर्मित शिवालय भेंट किया गया।  
इस अवसर पर उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, लोकनिर्माण विभाग के राज्यमंत्री कुंवर ब्रजेश सिंह, विधायक सदर प्रकाश द्विवेदी, विधायक नरैनी ओममणि वर्मा, विधान परिषद सदस्य डॉ. बाबूलाल तिवारी, जितेंद्र सिंह सेंगर, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मालती गुप्ता ‘बासू’, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू, जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत, जिलाधिकारी बांदा अमित आसेरी, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडे, समस्त अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला अधिकारी गण समस्त खंड विकास अधिकारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी गण उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...