कृषि वैज्ञानिकों ने दी मक्का एवं तुअर की वैज्ञानिक खेती की जानकारी, किसान सारथी ऐप पर भी किया मार्गदर्शन
जमुनिया खुर्द (बिछुआ), 15 जुलाई 2026। एन.एम. सदगुरु वाटर एंड डेवलपमेंट फाउंडेशन द्वारा संचालित यश सशक्त परियोजना के अंतर्गत ग्राम जमुनिया खुर्द में खरीफ फसल आधारित किसान प्रशिक्षण एवं चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम जमुनिया खुर्द, सीरेपानी एवं निवारी के 60 से अधिक किसान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र, छिंदवाड़ा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. आर. के. झाड़े तथा वैज्ञानिक डॉ. चंचल भार्गव ने किसानों को मक्का एवं तुअर की उन्नत एवं वैज्ञानिक खेती की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण बीज चयन, उचित समय पर बुवाई, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा बेहतर उत्पादन के लिए वैज्ञानिक तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान किसानों को किसान सारथी ऐप की उपयोगिता, इसके माध्यम से मौसम आधारित कृषि सलाह, फसल प्रबंधन, तकनीकी जानकारी तथा कृषि विभाग की विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के तरीकों से भी अवगत कराया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के उपरांत कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों के साथ खेतों का भ्रमण कर मक्का की वर्तमान फसल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फसल की वृद्धि, पौधों की स्थिति, नमी की उपलब्धता एवं खेतों की समग्र दशा का अवलोकन किया गया। वैज्ञानिकों ने किसानों को समय पर निराई-गुड़ाई, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, आवश्यकतानुसार नत्रजन (यूरिया) की टॉप ड्रेसिंग, जल निकास की उचित व्यवस्था तथा कीट एवं रोगों की नियमित निगरानी करने की सलाह दी, जिससे फसल का स्वस्थ विकास एवं अधिक उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती कपूरीबाई इनवाती, ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों से प्रशिक्षण में प्राप्त वैज्ञानिक जानकारी को अपने खेतों में अपनाने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में अविनाश डोंगरे, परियोजना प्रबंधक यश सशक्त परियोजना के उद्देश्यों एवं किसानों के लिए संचालित की जा रही गतिविधियों की जानकारी देते हुए वैज्ञानिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों तथा संस्थागत सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला। श्री धर्मेंद्र डेहरिया, जल संसाधन विशेषज्ञ, ने कृषि में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल संसाधनों के समुचित प्रबंधन एवं सिंचाई जल के कुशल उपयोग के उपायों पर किसानों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में एन. एम. सदगुरु वाटर एंड डेवलपमेंट फाउंडेशन की छिंदवाड़ा इकाई के अन्य टीम सदस्यों ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया तथा किसानों के साथ संवाद कर परियोजना की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने कृषि वैज्ञानिकों से अपनी कृषि संबंधी समस्याओं पर चर्चा की तथा उनके व्यावहारिक समाधान प्राप्त किए। किसानों ने ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की। अंत में सभी अतिथियों, कृषि वैज्ञानिकों, जनप्रतिनिधियों एवं सहभागी किसानों का आभार व्यक्त किया गया।
Post a Comment