विषैले जीव के काटने से मजदूर की मौत की आशंका, छह बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
अमेठी। विकासखंड भेटुआ की ग्राम पंचायत करेड़गांव में मंगलवार दोपहर एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि खेत से लौटते समय किसी विषैले जीव के काटने से उनकी जान गई। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्राम प्रधान पवन सिंह ने बताया कि राम मिलन वर्मा (52) पुत्र रामफेर मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके छह बच्चे हैं और नाममात्र की खेती है। वर्षों की मेहनत से उन्होंने परिवार को संभाला। अब बच्चे बड़े होकर बाहर मजदूरी करने लगे हैं, लेकिन अचानक हुई उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार दोपहर राम मिलन एक खेत में दवा का छिड़काव करने के बाद मेड़ के रास्ते बाहर निकले थे। कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों का मानना है कि उन्हें किसी विषैले जीव ने काट लिया था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की जानकारी हल्का लेखपाल विक्रम कुमार को भी दे दी गई है। लेखपाल ने बताया कि सूचना मंगलवार को ही मिल गई थी। मृतक के बच्चे अभी बाहर हैं और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यदि जांच में यह सिद्ध होता है कि मौत विषैले जीव के काटने से हुई है, तो शासन के नियमों के अनुसार तहसील स्तर से परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment