⚡ ब्रेकिंग News

आजाद वर्मा हत्याकांड में नया मोड़: विपक्षियों की नहीं बल्कि सहयोगियों की लगी थी गोली

आजाद वर्मा हत्याकांड में नया मोड़: विपक्षियों की नहीं बल्कि सहयोगियों की लगी थी गोली 

केएमबी संवाददाता
सुल्तानपुर। आजाद वर्मा हत्याकांड की जांच मृतक के परिजनों की मांग पर गोसाईगंज थाना प्रभारी अखंडदेव मिश्रा से हटाकर अखंडनगर थाने के प्रभारी धीरेंद्र वर्मा के सुपुर्द कर दी गई। जिनकी जांच में सामने आई नई कहानी से मामले में नया मोड़ आ गया है। बृहस्पतिवार को थाना प्रभारी धीरेंद्र वर्मा ने मृतक के ही गांव के रहने वाले आरोपी अभिषेक वर्मा पुत्र विजय बहादुर वर्मा व अभिषेक वर्मा पुत्र राम जनक वर्मा को घटना में प्रयुक्त बताई गई पिस्टल, दो जिंदा कारतूस,एक मोबाइल आईफोन व काली स्कार्पियो समेत अन्य बरामद सामानों के साथ सीजेएम नवनीत सिंह की अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों आरोपियो की रिमांड स्वीकार करते हुए उन्हें 20 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है। घटना में आरोपी अमन वर्मा का भी नाम सामने आया है, फिलहाल वह पुलिस की पकड़ से अभी दूर है। वहीं कोर्ट में मर्डर और मीडिया में दुर्घटनावश गोली चलने की सामने लाई गई अलग-अलग कहानी से पुलिसिया कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए है।
गोसाईगंज थाने के जासापारा-कारीबहार के रहने वाले वादी बादल वर्मा ने गत 28 जून की घटना बताते हुए स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। वादी के आरोप के मुताबिक उनके गांव के ही रहने वाले आरोपी अशोक पांडेय, राज नारायण पांडेय, अनुराग पांडेय,रूपम पांडेय एवं स्थानीय थाने के नारायनपुर निवासी सत्यम पांडेय व कोतवाली देहात थाने के बभनगवां निवासी सूरज पांडेय ने रंजिश में उनके भाई आजाद वर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस पहले ही आरोपी अशोक पांडेय,अनुराग पांडेय, रूपम पांडेय,सत्यम पांडेय व सूरज पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है,जबकि आरोपी राजनरायन पाण्डेय की गिरफ्तारी नहीं करने का वादी पक्ष की तरफ से आरोप लगाया जा रहा है। मामले में घटना के बाद से ही दोनों पक्ष अपनी-अपनी बातें बयां कर रहे हैं। मृतक आजाद वर्मा के परिजनों ने गोसाईगंज थाना प्रभारी अखंडदेव मिश्र से निष्पक्ष जांच नहीं होने की उम्मीद जताते हुए पुलिस अधीक्षक से विवेचना स्थानांतरित किए जाने की मांग की थी,जिसके बाद मामले की जांच अखंडनगर के थाना प्रभारी धीरेंद्र वर्मा को सौंप दी गई। नए विवेचक धीरेंद्र वर्मा की जांच में सामने आए तथ्यों के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर गोसाईगंज थाने के कारीबहार-जासापरा के रहने वाले आरोपी अभिषेक वर्मा पुत्र विजय बहादुर वर्मा व अभिषेक वर्मा पुत्र रामजनक वर्मा को लखनऊ से हिरासत में लिया गया और घटना के संबंध में आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई तो नए तथ्य सामने आए हैं। पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक अभिषेक वर्मा पुत्र रामजनक वर्मा ने अपने बयान में बताया कि गत 28 जून को उसकी काली स्कॉर्पियो पर अमन वर्मा,अभिषेक वर्मा पुत्र विजय बहादुर हुआ व आजाद वर्मा घूम रहे थे,अभिषेक पुत्र रामजनक गाड़ी चला रहा था, बगल की सीट पर आजाद बैठा हुआ था। अभिषेक वर्मा के मुताबिक इसी दौरान इन सब के बीच आपस में कहा-सुनी हो गई तो अभिषेक के माता-पिता के संबंध में आजाद वर्मा ने कुछ बोल दिया तो अभिषेक वर्मा व अमन के ललकारने पर अभिषेक वर्मा पुत्र विजय बहादुर ने कमर में खोसी पिस्टल निकालकर गोली चला दी,जो स्कॉर्पियो की सीट को चीरते हुए आजाद वर्मा की पीठ में लगी। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक अभिषेक वर्मा ने अपने बयान में बताया कि उन्होंने घायल आजाद वर्मा को उसके परिवार वालों को जान से मारने की धमकी दिया और डराया भी था,जिसके बाद लखनऊ ले जाते समय एंबुलेंस में अशोक पाण्डेय व अन्य के बारे में आजाद के बयान की वीडियो बना ली और इस बयान को वायरल कर दिया था। फिलहाल पुलिस की पूछताछ में आरोपी अशोक पांडेय व अन्य से संबंध होने के बारे में पुलिस ने पूछताछ किया तो दोनों आरोपियो ने सभी को एक ही ग्रुप का होने और घटना की मिलीभगत में शामिल होने का बयान दिया है। पुलिस ने घटना से जुड़ी बताई गई पिस्टल व स्कार्पियो सहित अन्य सामानों को भी बरामद कर लिया है। लिखापढ़ी में पुलिस ने मर्डर की कहानी बताई है,जबकि मीडिया ब्रीफ में दुर्घटना संम्बधित बयान जारी किया है। संवेदनशील मामले में पुलिस के जरिए बिना तैयारी के गैर जिम्मेदराना ढंग से दिए गए ऐसे बयान से भ्रम की स्थिति बनी हुई है। मामले में पुलिस की बढ़ती तफ्तीश में आगे की सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच में सामने आई इस नई कहानी से कई नए सवाल खड़े हो गए है। वहीं मीडिया और कोर्ट के सामने अलग-अलग कहानी सामने लाने की बात पर एसपी चारु निगम व अन्य उच्चाधिकारियो के जरिए जल्द ही संज्ञान लेने की उम्मीद जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...